सांसद ने हिंदुओं में एकता को बढ़ावा देने पर दिया जोर, एआईएडीएमके ने बताया निजी विचार

विष्णु शर्मा, आईआईएन/चेन्नई, @svs037

भारत को महाशक्ति बनाने की दिशा में काम करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए अन्नाद्रमुक के लोकसभा सदस्स्य पी रवींद्रनाथ कुमार ने महाशक्ति के रूप में राष्ट्र की तरक्की के लिए हिंदुओं के बीच एकता पर बल दिया है। हालंाकि उनकी पार्टी अन्नाद्रमुक ने उनके इस बयान से खुद को अलग कर लिया वहीं द्रमुक ने कहा कि इसका मकसद भाजपा से फायदा लेना है।

उपमुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम के पुत्र कुमार ने एक गणेश चतुर्थी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को महाशक्ति बनाने के लिए प्रयासरत हैं और हम सभी को एकजुट होकर मजबूत, सुरक्षित राष्ट्र के लिए काम करना चाहिए। कार्यक्रम का आयोजन आरएसएस से संबद्ध संगठन हिंदू मुन्ननी द्वारा उनके पैतृक तेनी जिले के चिन्नामनूर में किया गया था।

उनके भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया में छाया रहा। उन्होंने कहा, दुनिया में एक महाशक्ति के रूप में भारत के उभरने के लिए, हमें एकता को बढ़ावा देना होगा। हम सभी पहले हिंदू हैं और अन्य पहचान बाद में आती हैं।

इस तरह की भावना हमारे बीच में होनी चाहिए। हालांकि, अन्नाद्रमुक ने सांसद की टिप्पणी से खुद को दूर कर लिया और कहा कि पार्टी सभी वर्गों के लोगों के लिए है और जाति, पंथ, धर्म, नस्ल और भाषा के दायरे से परे है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और मत्स्य मंत्री डी.जयकुमार ने संवाददाताओं से कहा, यह उनकी निजी राय हो सकती है। हम यह नहीं देखते हैं कि कोई व्यक्ति किस जाति या धर्म का है।

द्रमुक नेता और राज्यसभा सदस्य आर एस भारती ने कहा कि ऐसी टिप्पणी कर कुमार भाजपा के करीब होने और केंद्र में मंत्री पद हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *