केवी सीएलआरआई में हिंदी कवि सम्मेलन संपन्न

आईआईएन/चेन्नई, @Infodeaofficial 

चेन्नई के अड्यार स्थित केंद्रीय विद्यालय सीएलआरआई में मंगलवार को हिन्दी कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। विश्व हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कविसम्मेलन की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई।

इसके बाद प्राचार्य वाई. रामा प्रसाद ने कवियों का स्वागत पुष्प-हार देकर एवं शाल ओढ़ाकर कर किया। विद्यालय के संसाधन केंद्र मे शाम 6 बजे से शुरू इस समारोह का प्रारंभ लीलावती मेघाणी की कविता अगर मैं तुम्हारी सेलफोन होती से हुआ।

इसके बाद आकाशवाणी चेन्नई के हिंदी उद्घोषक एवं कवि उदय मेघाणी ने अपने अंदर दीप जलाले, तू सच्चे ज्ञान का कविता पढ़ी। कलपाक्कम ये आए अगले कवि एस के तिवारी ने अपनी हास्य कविता प्यार कर लिया तो हिसाब क्या देखूँ सुनाकर सभी को लोटपोट कर दिया।

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए सीआईएसएफ के जवान राहुल कुमार सिंह की कविता गांव की मिट्टी वो अपने साथ लाया है ने श्रोताओं को गांव की याद दिला दी।

अगले कवि प्रह्लाद श्रीमाली ने नैतिक मूल्यों पर आधारित मुक्तक वक्त पर दिल का उजाला काम आता है तथा पूरा प्यार लुटाओ अधूरापन मिट जाएगा आदि सुनाकर खूब वाहवाही लूटी।

इसके बाद कवयित्री गुड़िया चौधरी ने मौन हूं मैं परेशान नहीं, आलोक जायसवाल ने जोर कहाँ चलता है, किसी का आइने पर, सतीश कुमार श्रीवास्तव ‘नैतिक’ ने चांदी का या चमड़े का हो चलता सदा नहीं तथा प्रेमचंद भार्गव ने जमाना भूला नहीं है कविता पढ़ी।

कार्यक्रम के अंत में संचालक महेंद्र कुमार का गीत लमहा-लमहा जलता हूँ मैं दीपक बनकर राहों में सुनकर पूरा संसाधन केंद्र तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम के अंत में आयोजक विजय कुमार पांडेय ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *