साथ मिलकर हिन्दी के कार्य को आगे बढ़ाएं
नराकास की चौथी बैठक का आयोजन
नराकास की चौथी बैठक यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से हाल ही टी.नगर स्थित होटल अकॉर्ड मेट्रोपोलिटन में आयोजित हुई। नराकास के सदस्य सचिव बीओ माहेश्वरप्पा के स्वागत भाषण से बैठक की शुरुआत हुई।
उन्होंने चेन्नई नराकास के विभिन्न कार्यकलापों का सफलतापूर्वक आयोजन करने के लिए सभी का आभार जताया। नराकास की अध्यक्ष आरडी नजीम ने हिन्दी कार्यान्वयन के लिए प्रकाशित राजभाषा पत्रिका के लिए ओएनजीसी, भारतीय खाद्य निगम, यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी लि. के आंचलिक कार्यालय, भेल व मद्रास परमाणु बिजलीघर उपक्रम कार्यालयों को शील्ड प्रदान की।
साथ ही सभी कार्यालय प्रधानों की हिन्दी कार्यान्वयन के लिए सराहना करते हुए कहा कि आगे भी इसी तरह हिन्दी कार्य सुचारू रूप से जारी रखें।
हिन्दी शिक्षण योजना के सहायक निदेशक सुनील कुमार लोका ने उपक्रम कार्यालयों की अद्र्धवार्षिक रिपोर्ट की समीक्षा कर बेहतर निष्पादन करने वाले कार्यालयों के कार्य को सराहा।
साथ ही निर्धारित लक्ष्य से कम हिन्दी कार्य करने वाले कार्यालयों को शीघ्र लक्ष्य पूरा करने को कहा।
हिन्दी शिक्षण योजना की उपनिदेशक (दक्षिण) चित्रा कृष्णन ने भारत सरकार के राजभाषा विभाग की नीति, नियम व अधिनियम को सुचारू रूप से अनुपालन करने पर जोर दिया।
यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी इंडिया लिमिटेड के महाप्रबंधक भरत भूषण दास ने सभी से हिन्दी कार्य को सुरुचिपूर्वक करने पर जोर देते हुए कहा हमें साथ मिलकर हिन्दी के कार्य को आगे बढ़ाना चाहिए।
उपमहाप्रबंधक आर. हरिहरण ने कहा हिन्दी कार्यान्वयन की दिशा में बेहतर प्रदर्शन करें। इस मौके पर सहयोगियों का सम्मान किया गया।
नराकास की सहायक महाप्रबंधक (हिन्दी) सेल्वी पार्तिबन एवं भेल के राजभाषा अधिकारी सुशीलकुमार ने बैठक का संचालन किया। धन्यवाद बी. कण्णापिरान ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

