साहित्य संगम का ‘हम किसी से कम नहीं’ विषयक कवि सम्मेलन आयोजित

संजय जोशी, आईआईएन/बेंगलुरु, @Infodeaofficial 
स्थानीय शिवानंदा सर्कल स्थित गांधी भवन में साहित्य संगम के तत्वावधान में ‘हम किसी से कम नहीं’ विषयक कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सामाजिक संदेशों को प्रसारित करने वाले इस आयोजन में बतौर अतिथि राजस्थान पत्रिका के संपादकीय प्रभारी राजेंद्रशेखर व्यास, राजस्थान संघ कर्नाटक के फाउण्डर चेयरमैन रमेश मेहता, स्वास्तिक संस्था के सतीश मित्तल, बिमल सरावगी, सुरेश मोदी, बसंत सारड़ा, चंद्रकांत, मदन बलदोटा, नरेंद्र गहलोत व अशोक गोयनका के साथ साहित्य संगम के संरक्षक रामगोपाल मूंदड़ा ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
सभी का स्वागत रामगोपाल मूंदड़ा ने किया। उन्होंने संस्था द्वारा इस प्रकार के 50 आयोजनों के संपन्न होने की जानकारी दी। छाया गांधी की वंदना प्रस्तुति से शुरु हुए कार्यक्रम में जीवराज पटेल, राज टेकड़ीवाल, अमिताभ सक्सेना, नंद सारस्वत ‘नंद’, सुनीता लाहोटी, डाॅ.मधुकर राव लारोकर, अली अंजुमन, डाॅ.सुनील तरुण व भारतीय नौसेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट दिवाकर प्रसाद यादव ने अपनी-अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर वाहवाही बटोरी।
जानेमाने कवियों ने देशभक्ति, बेटियों के महत्व, श्रृंगार रस व हास्यरस की रचनाओं से श्रोताओं को अनेक संदेश दिए वहीं साथ ही गुदगुदाया भी। सभी कवियों का शाॅल ओढ़ाकर एवं मेमेंटो भेंट कर सत्कार किया गया। कार्यक्रम में अजय यादव, स्वर सोनिका व अजीम ने विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग किया। सभी का आभार डाॅ.सुनील तरुण ने जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *