स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन व समाज का होता है निर्माण: अश्विनी चौबे

आईआईएन/चेन्नई, @Infodeaofficial
अगर शरीर स्वस्थ हो तो उस स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन रहता है और स्वस्थ मन से ही एक स्वस्थ समाज का निर्माण होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में स्वच्छ भारत अभियान के तर्ज पर फिट अभियान की शुरुआत की है जिसका उद्देश्य एक स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।
आईलैंड ग्राउंड में भारत सरकार के एफएसएसआई और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित फुड एक्सपो के समापन समारोह के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि पहले के मुकाबले अब लोगों की जीवनशैली में काफी बदलाव आ गया है।
पहले लोग पैदल व साइकिल का इस्तेमाल ज्यादा करते थे पर अब इसके कई अन्य विकल्प आने से स्वस्थ रहने के आम अभ्यास में पहले के मुकाबले काफी कमी आई है। इसलिए मौजूदा दौर में खुद को स्वस्थ रखने के लिए यह जरूरी है कि हम पोषक तत्व युक्त भोजन का सेवन करें।
उन्होंने कहा कि शुद्ध आहार से शरीर और आत्मा स्वस्थ होती है। स्वच्छ तन में ही स्वच्छ मन बसता है और स्वच्छ मन में ही अच्छे विचार आते हैं जो कि एक अच्छे समाज का निर्माण करता है। उन्होंने कहा फिट इंडिया की जरूरत देश के ग्रामीण इलाकों के मुकाबले शहरी इलाकों में ज्यादा है। शहर के लोगों की जीवनशैली ग्रामीण लोगों के जीवनशैली से काफी अलग होती है।
इसलिए इस अभियान के बारे में शहरी क्षेत्र के लोगों में जागरूकता लाने की बहुत जरूरत है। अगर व्यक्ति स्वस्थ जीवनशैली को अपनाए तो कई रोगों से बच सकता है। उन्होंने तमिलनाडु सरकार से आग्रह किया कि शहरी इलाकों में रहने वाले गरीब और कम आय वाले लोगों को सरकार की ओर से पोषक आहार मुहैया कराए।
तमिलनाडु सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां की सरकार जनसेवा कार्यों में अन्य राज्यों की अपेक्षा काफी आगे है। तमिलनाडु के खाद्यान्न जो है वह भी यहां के मौसम के अनुसार काफी पोषक तत्व पूर्ण हैं। यह फुड एक्सपो उसका एक प्रत्यक्ष उदाहरण है।

खेल व्यक्ति को स्वस्थ बनाता है
इसके पहले उन्होंने चेन्नई के जवाहर लाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में चेन्नई इंटरनेशनल यूथ फेस्टिवल में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को स्वस्थ बनाता है। इसलिए हम सभी को यह प्रयास रखना चाहिए कि हम रोजाना किसी न किसी खेल से खुद को जरूर जोड़ें। इससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहता है।
उन्होंने कहा कि यदि हम किसी कारण से खेल नहीं पाते हैं तो हमें योगाभ्यास रोजाना जरूर करना चाहिए। यूथ फेस्टिवल के आयोजक अमर प्रसाद रेड्डी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वह राज्य के युवाओं के लिए नहीं विश्वभर के युवाओं के लिए एक अच्छा प्रयास कर रहे हैं।
उन्हें यह जानकर काफी खुशी हुई कि इस प्रतियोगिता में दो लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। यह अपने आप में रिकार्ड है कि इस प्रतियोगिता का आयोजन 15 दिनों तक 90 स्थानों में हुआ। प्रतियोगिता में 1850 विजेता हुए जिनको सम्मानित किया गया।

