दक्षिण रेलवे के विशेष सफाई अभियान में सहयोग दें यात्री : एजीएम

विष्णु शर्मा, आईआईएन/चेन्नई, @svs037 

क्षिण रेलवे के स्वच्छता पखवाड़े के तहत चल रहे विशेष सफाई अभियान में मंगलवार को पूराच्ची तलैवर डॉ एमजीआर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सफाई का आयोजन किया गया। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत सफाई समेत कई कार्यक्रमों की शुरुआत अतिरिक्त महाप्रबंधक पी.के. मिश्रा ने की। इस मौके पर चेन्नई मंडल रेल प्रबंधक पी. महेश के अलावा दक्षिण रेलवे के कई अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

यात्रियों को शिक्षित करने के लिए रेलवे स्टेशन पर प्लास्टिक अपशिष्ट और उसके विकल्प के लिए लगी प्रदर्शनी का एजीएम ने निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे के सफाई कर्मियों से बातचीत कर स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने स्टेशन की कैंटीन में जाकर वहां की प्लेट्स समेत अन्य चीजों का निरीक्षण कर पर्यावरण के अनुकूल वस्तुओं का उपयोग करने को कहा।

इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में पी.के. मिश्रा ने कहा दक्षिण रेलवे द्वारा स्वच्छता के उच्च मानकों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। एकल प्लास्टिक के उपयोग को चरणबद्ध तरीके से खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने यात्रियों से रेलवे के साथ मिलकर प्लास्टिक मुक्त स्वच्छ रेलवे करने में सहयोग देने का भी आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को हम कुछ दें या ना दें लेकिन सुरक्षित पर्यावरण तो जरूर देना चाहिए। ऐसा तभी संभव हो पाएगा जब हम सब मिल कर पर्यावरण के प्रतिकूल वस्तुओं के बजाय उसके अनुकूल वस्तुओं का उपयोग करेंगे। इस अभियान के तहत यात्रियों और रेलवे स्टॉफ समेत अन्य लोगों को सफाई के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इससे पहले एजीएम ने प्लास्टिक फ्री इंडिया का निरीक्षण करने के साथ रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को प्लास्टिक मुक्त करने की शपथ दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *