केवल डिग्री के लिए पढ़ाई न करें: प्रहलाद सिंह

आईआईएन/चेन्नई, @Infodeaofficial 

केवल डिग्री प्राप्त करने और उससे एक अच्छे वेतन वाली नौकरी के लिए ही पढ़ाई को महत्व नहीं देना चाहिए। आज के दौर में पैसा ही कमाना है तो इसके कई साधन हैं लेकिन पढ़ाई पैसा कमाने का साधन हो हमें इससे बचना चाहिए। पढ़ाई ज्ञान अर्जन के लिए होनी चाहिए जिसका लाभ समाज और देश को मिल सके।

यह कहना है संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल का। वे यहां जवाहरलाल नेहरु इनडोर स्टेडियम में चेन्नई इंटरनेशनल यूथ फेस्टिवल को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को पढ़ाई करने का मौका नहीं मिलता फिर भी उनमें प्रतिभा और कौशल की कमी नहीं होती।

हमें वैसे लोगों की मदद करनी चाहिए और उन्हें आगे लाना चाहिए। हमें अपने युवाओं को भविष्य की चुनौती के लिए तैयार करने और उनको जिम्मेदारियों के बारे में समझाने की जरूरत है। आज के कार्यक्रम में जिन प्रतिभागियों को सम्मानित किया जा रहा है हमें उनसे सबक लेने की जरूरत है कि उन्होंने अपने जीवन के कैसे संघर्ष कर इस स्थान को प्राप्त किया।

सबको सब चीजें आसानी से नहीं मिलतीं, इसलिए जरूरी है हम इन लोगों की जीवन से सबक लें और खुद में वैसे बदलाव लाएं। हमारा जीवन सफल केवल अच्छी पढ़ाई, अच्छे काम, अच्छे सामाजिक महत्व और अच्छे वेतन से नहीं होता।

जीवन सफल तभी होता है जब हम अपने प्रयास से समाज और देश को लाभान्वित करें। इस मौके पर स्वास्थ एवं परिवार कल्याण केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री विजय भास्कर, कार्यक्रम के आयोजन समिति के अमर प्रसाद रेड्डी समेत कई अन्य लोग मौजूद थे। यह कार्यक्रम यूथ डवलपमेंट कोंस्ट्रियम द्वारा आयोजित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *