रजनीकांत पहले राजनीति में उतरें फिर अपनी राय दूंगा : ओपीएस

जयकुमार ने कहा होगा दिनकरण जैसा हाल

आईआईएन/चेन्नई, @Infodeaofficial  

सुपरस्टार रजनीकांत के 2020 में नई पार्टी शुरू करने की संभावनाएं प्रबल होने की खबरों के बीच सत्तारूढ़ एआईएडीएमके के दिग्गज नेताओं ने अपनी शैली में प्रतिक्रियाएं दीं।

उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने मदुरै के उसिलमपट्टी में कहा कि रजनीकांत विश्वस्तरीय अभिनेता हैं। उनके पूर्ण रूप से राजनीति में उतरने के बाद ही वे अपनी प्रतिक्रिया देंगे। वे शुक्रवार को यहां पी. के. मुगैया थेवर की ४०वीं गुरु पूजा के अवसर पर शरीक होने आए थे। उनके साथ सहकारिता मंत्री सेलूर के. राजू भी थे।

फिर उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक राष्ट्र एक राशनकार्ड योजना से किसी को भी क्षति नहीं होगी। इस सिलसिले में खाद्य मंत्री आर. कामराज पहले ही सफाई दे चुके हैं।

ओपीएस ने विश्वास दिलाया कि तमिलनाडु में खाद्य सुरक्षा को लेकर दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने जो नीति लागू की थी उसे अप्रभावित रखते हुए एक राशन की योजना को लागू किया जाए। राज्य के निवासियों के अन्य प्रदेशों में तथा प्रवास कर यहां आए अन्य राज्यों के लोगों द्वारा लिए जाने वाले राशन पर केंद्र सरकार सब्सिडी देगी।

स्टालिन को जवाब

अगली सरकार डीएमके की और अगले 25 साल तक उनकी ही सरकार होगी, एम. के. स्टालिन के इस दावे पर पन्नीरसेल्वम ने चुटकी ली कि वे कल्पना की दुनिया में डोल रहे हैं। डीएमके न तो सत्ता में आने वाली है और न ही स्टालिन का सपना पूरा होने वाला है। सीएम की विदेश यात्रा सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है। वे जब लौटेंगे तो नई परियोजनाएं शुरू होंगी।

भाजपा में रजनीकांत

रजनीकांत के भाजपा में शामिल होने की खबरों पर उपमुख्यमंत्री ने कहा वे श्रेष्ठ अभिनेता हैं। उनके अभिनय के केवल तमिलनाडु ही नहीं देशभर के लोग कायल हैं। विदेशों में भी उनके प्रशंसक हैं। उनके पूरी तरह राजनीति में उतरने और पार्टी शुरू करने के बाद उनकी गतिविधियों की समीक्षा करके ही वे रजनीकांत की राजनीति के बारे में टिप्पणी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *