प्रवासियों लोगों को गंतव्य स्थान पर पहुँचाने के लिए 300 ट्रेनें शुरू: चौधरी

सुष्मिता कुमारी, आईआईएन/चेन्नई, @SushmitaSamyak
केन्द्र सरकार द्वारा प्रवासियों और मजदूर भाई-बहनों को गंतव्य स्थान पर पहुँचाने के लिए 300 ट्रेनें शुरू की गयीं हैं| पाली, जालोर एवं सिरोही के जो निवासी बाहर गए हैं, उनकी संख्या बहुत ही ज्यादा है।
ऐसे में जल्द ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेलमंत्री पीयूष गोयल से आग्रह कर के पाली तक श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाने का अनुरोध किया जाएगा। इससे हमारे प्रवासी एवं मजदूर बंधुओं को अपने गंतव्य स्थान तक पहुँचने में आसानी होगी।
पाली सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री पीपी चौधरी ने आज अपने लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत वीडियो संवाद श्रृखंला कड़ी में बाली एवं बिलाड़ा के भाजपा कार्यकर्ताओं के संग बातचीत में बताया कि प्रतिदिन विडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से उठ रही मांगो और सुझावों को कार्यालय पत्रों के अलावा दूरभाष पर केन्द्र एवं राज्य स्तर पर निस्तारण हेतु प्रयासरत है।
इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं आह्वान पर हम सभी ने जनसेवा ही नारायण सेवा का परम लक्ष्य साध रखा है और हम सभी उसी दिशा में कार्यरत हैं|
संवाद कार्यक्रम में कुछ कार्यकर्ताओं ने किसान को अपनी फसल बेचने में पंजीयन संबंधी आ रही समस्या को रखते हुए कहा कि राजफैड द्वारा किसानों का पंजीयन बंद कर दिया है| जिसके कारण किसानों को अब समर्थन मूल्य पर फसल बेचने के लिए भटकना पड़ रहा है। ऐसे में फसल के खराब होने की चिंता किसानों को होने लगी है।
इसके साथ ही कार्यकर्ताओं द्वारा एपीएल श्रेणी को भी खाद्य सुरक्षा के तहत राशन आंवटन, कृषि जींस के 2 प्रतिशत टैक्स को वापस लेने, केन्द्र सरकार द्वारा राजस्थान प्रदेश को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत मिली राहत के अलावा अन्य केन्द्रीय योजनाओं के माध्यम से होने वाली राहतों के वितरण में भेदभाव किए जाने जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
वहीं कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान जोधपुर ग्रामीण क्षेत्रों में शिकार की घटनाएं बढ़ गई हैं| शिकारियों पर सख्त कारवाई की जाए ताकि इस पर लगाम लग सके।
अंत में सांसद ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कोरोना के खिलाफ हमारी जंग लंबे समय तक चलने वाली है| अतः ऐसे में हमें लगातार लोगों को जागरूक करते हुए राहत कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के साथ ही अपने आपको भी इस बीमारी से बचाना है।

