सेलम में स्मार्ट सिटी मिशन बना व्यापारियों की परेशानी का सबब

सुष्मिता कुमारी, आईआईएन/चेन्नई, @SushmitaSamyak

केंद्र सरकार की कई महत्वकांक्षी योजनाओं में से एक स्मार्ट सिटी मिशन भी है| स्मार्ट सिटी मिशन स्थानीय विकास को सक्षम करने और प्रौद्योगिकी की मदद से नागरिकों के लिए बेहतर परिणामों के माध्यम से जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने तथा आर्थिक विकास को गति देने हेतु भारत सरकार द्वारा एक पहल है|

इसी योजना के तहत तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के गृह प्रदेश, सेलम का भी चयन किया गया और उस दिशा में कार्य तेजी से प्रगति पर है| इसके तहत नगर के मेटरडैम, मैडेन थिएटर और वीडब्ल्यू मार्केट के नवीकरण की योजना बनाई गयी है|

वीडब्ल्यू मार्केट की स्थापना सन् 1940 में हुई थी और यह सेलम के सबसे पुराने बाज़ारों में से एक है| इस बाजार में 128 दुकानें हैं| जहाँ सब्जी, फल, फूल, इत्यादि की थोक बिक्री होती है|

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत इन दुकानों को तोड़ा जा रहा है| जिससे वहाँ के व्यवसायिओं में काफी गुस्सा एवं निराशा है| उनका कहना है कि लॉकडाउन के कारण पहले ही काफी नुकसान हो चुका है| अब जब 2 महीने बाद थोड़ी उम्मीद जगी है तब ऐसी आदेश ने उनकी नींद उड़ा दी है|

सरकारी आदेश के मुताबिक उन दुकानों को तोड़कर एक सुसज्जित 500 दुकानों वाली मार्केटिंग काम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा| लेकिन दुकानदारों का कहना है कि निर्माण होने तक उनके व्यवसाय को कैसे जारी रखा जाएगा? सरकार उन्हें अस्थायी बाजार देगी पर उस बाजार में ऐसी सुविधा होना मुमकिन नहीं है|

कई दुकानदार ऐसे हैं जो वर्षों से इसी बाजार में अपनी दुकान चला रहें हैं| ऐसी स्थिति में नए बाजार के निर्माण होने तक स्थानांतरण करना उनके व्यवसाय के लिए बहुत ही बुरा साबित हो सकता है|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *