फेसबुक पर बेमेल दोस्ती पंद्रह साल छोटे युवक से हुआ मलेशिया में रहने वाली विवाहिता को प्रेम
युवक गायब, पुलिस कर रही तलाश

आईआईएन/चेन्नई, @Infodeaofficial
सोशल साइट फेसबुक फिर अनचाही वजह से चर्चा में है। इस नेटवर्किंग साइट पर जिले का बीस वर्षीय कॉलेज छात्र मलेशिया में बसी विवाहिता से प्यार कर बैठा। अब वह दो दिन से गायब है। उसके माता-पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सूत्रों ने बताया कि पोनअमरावती के पेरियार नगर के रहने वाले मणिकंठन प्रभु (20) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। वह एक कॉलेज में बी. कॉम का छात्र है।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार प्रभु का फेसबुक पर मलेशिया में बसी प्रिया (35) से टांका भिड़ा। दोनों का प्यार परवान चढ़ गया। प्रभु के माता-पिता को जब पता चला तो उन्होंने खूब फटकारा लेकिन वह नहीं सुधरा।
इस बीच दोनों ने मिलने की ठानी। वह मलेशिया से यह कहकर तंजावुर जिले के पट्टकोटै आई कि परिजनों से मिलना है। प्रभु भी शुक्रवार को घर से निकला और फिर नहीं लौटा।
उसको खोजने की सारी कोशिशें विफल होने के बाद प्रभु की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को संदेह है कि मलेशिया से आई प्रिया ही प्रभु को लेकर कहीं चली गई है। दोनों को खोजा जा रहा है।

