पुलिस ने सवा करोड़ रुपए के 563 मोबाइल जब्त कर 10 बदमाशों को पकड़ा

संजय जोशी, आईआईएन/बीकानेर, @Infodeaofficial
बेंगलूरू की मध्य क्षेत्र की संभाग पुलिस द्वारा पिछले कई वर्षों से आम लोगों से मारपीट कर मोबाइल छीनने, चोरी और लूट की वारदातों को देखते हुए विशेष गठित दल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 10 ऐसे बदमाशों को पकड़ा है जिनसे पुलिस ने सवा करोड़ रुपए के 563 मोबाईल जब्त किए हैं।
डायनेमिक पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने पत्रकार सम्मेलन में बताया कि जिन 10 बदमाशों को पकड़ा है उनमें 21 वर्षीय किजर पासा, 39 वर्षीय हरीश खान, 43 वर्षीय असीफ खान, 42 वर्षीय नवाज शरीफ, 36 वर्षीय अफजल शरीफ, 47 वर्षीय असलम, 20 वर्षीय खलील, 22 वर्षीय सलमान, 42 वर्षीय सैयद अकबर के साथ-साथ हैदराबाद का एक मोबाईल व्यापारी 28 वर्षीय अमीर जमीर शामिल है।
उन्होंने बताया कि ये बदमाश शहर की विभिन्न जगहों पर मोटरसाइकिलों, ऑटो रिक्शा में घूमकर सूनसान जगह पर जाने वाले आम राहगीरों से मोबाईल छीनकर फरार हो जाते थे। बाद में ये बदमाश मोबाइल फोन में डाटा को साफ कर सस्ते दामों में बेच देते थे। 563 मोबाईलों में ब्रांडेड फोन भी है जिनमें एप्पल, एमआई, सैमसंग, वीवो, नोकिया, ओपो, सोनी, मोटोरोला, लिनोवा समेत अनेक कम्पनियों के मोबाईल बरामद किए गए हैं।
जिन दस बदमाशों को पकड़ा गया है उनमें दो बदमाशों पर 10 से अधिक पुलिस मामले चल रहे हैं जो शहर के गिरिनगर, आरआरनगर, एसआर नगर पुलिस थाने मेें दर्ज है। यह पुलिस का विशेष दल पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) चेतन सिंह राठौड़ ने गठित किया।
इस अवसर पर पत्रकार सम्मेलन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पश्चिम उमेश कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध संदीप पाटिल भी उपस्थित थे। इन बदमाशों में पुलिस ने जिस हैदराबाद का मोबाइल व्यापारी पकड़ा है वह इन मोबाईल सैटों को अच्छे से पैक कर बेचा करता था।

