झारखंड में भ्रष्टाचार के तूफान ने पूरे प्रदेश को बर्बाद किया: शिवराज सिंह चौहान

INN/Ranchi, @Infodeaofficial

केन्द्रीय कृषि मंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को झारखंड की रांची, कांके और मांडर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों सीपी. सिंह, डॉ. जीतूचरण राम और सन्नी टोप्पो के समर्थन में नामांकन कार्यक्रम में सहभागिता की और जनसभा को संबोधित किया। साथ ही शिवराज सिंह ने विधानसभा हटिया से भाजपा प्रत्याशी नवीन जयसवाल के समर्थन में भी विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, आज भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर जेएमएम-कांग्रेस की गठबंधन सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए संघर्ष का शंख फूंका है। पिछले पांच सालों में हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड जैसे सुंदर राज्य को तबाह और बर्बाद कर दिया है। यहां माँ, बहन का सम्मान सुरक्षित नहीं है, यहां माटी, रोटी और बेटी सुरक्षित नहीं है। इसलिए झारखंड में अब भारतीय जनता पार्टी की सरकर ही सुशासन स्थापित करेगी।

केन्द्रीय कृषि मंत्री और झारखंड विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने झारखंड की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि, ये जो दाना तूफान आ रहा है, इस दाना तूफान से भी ज्यादा खतरनाक ये जेएमएम और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। इन्होंने झारखंड को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। अगर जेएमएम की सरकार एक बार और आ गई तो बर्बादी और तबाही का तूफान आएगा। वहीं शिवराज सिंह ने राजधानी रांची में एक महीला के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या करने के मामले में भी सोरेन सरकार को जमकर घेरा। श्री चौहान ने कहा कि, झारखंड में माताएं-बहनें सुरक्षित नहीं है। इस सरकार में 7 हजार 400 से भी ज्यादा बहन, बेटियों के साथ बलात्कार की घटनाएं सामने आई है, 6 हजार से ज्यादा अपहरण हुए हैं और 7 हजार से ज्यादा हत्याएं हुई हैं। रूबिका पहाड़िया जैसी बेटियों को भ्रम के जाल में फंसाकर उनकी निर्मम हत्या कर दी जाती है। इतना ही नहीं 8,592 दंगे, 2,712 लूट, 485 डकैती और 2,73,261 संज्ञेय अपराध सोरेन सरकार में हुए हैं। उन्होंने कहा कि, जिस सरकार में बेटियों का सम्मान सुरक्षित नहीं है, जिस सरकार में नौजवानों का भविष्य सुरक्षित नहीं है और जिस सरकार में प्रदेश का विकास नहीं विनाश हुआ है, ऐसी जेएमएम की सरकार को उखाड़ फैंकना है।

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी के पांच प्रण, पांच पांडव हैं। हमारा पहला संकल्प है कि, झारखंड में पेपर लीक कर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, मामले की जांच कर दोषियों को जेल भेजा जाएगा। दूसरा प्रण है कि, भाजपा की सरकार बनते ही 2 लाख 87 हजार रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी और कैलेंडर बनाकर तय किया जाएगा कि, कब परीक्षा होगी, कब रिजल्ट आएगा और कब नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। शिवराज सिंह ने कहा कि, हमारा तीसरा प्रण है कि, गरीब बहनों की आंखों में आंसू नहीं रहने देंगे, हर बहन को महीने की 11 तारीख को खाते में 2100 रूपए की सम्मान राशि दी जाएगी। हमारा चौथा प्रण है कि, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट नौजवानों को अच्छी नौकरी की तैयारी करने के लिए दो साल तक 2 हजार रूपए की राशि दी जाएगी और पांचवा प्रण है कि, गरीब लोगों को पक्के मकान बनाने के लिए बालू फ्री दी जाएगी। झारखंड का विकास और जनकल्याण भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री श्रीमान नरेन्द्र मोदी जी का संकल्प है।

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, जेएमएम की सरकार भ्रष्टाचार और घोटालों की सरकार है। ये सरकार जल जीवन मिशन का लगभग 5 हजार करोड़ रूपए तक डकार गई है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने दिल्ली से जल जीवन मिशन की राशि भेजी थी, जिससे पाइप लाइन बिछाकर घरों में नल लगाए जाने थे, लेकिन जेएमएम की भ्रष्ट सरकार ने ना पाइप बिछाए ना घरों में नल लगाए। शिवराज सिंह ने कहा कि, हमने कुम्भकरण के बारे में सुना था। कहते हैं कि, कुम्भकरण 6 महीने जागता था और 6 महीने सोता था, जब वो 6 महीने जागता था तो वो केवल खाता ही रहता था, लेकिन ये जेएमएम और कांग्रेस के कुम्भकरण तो 12 महीने ही खाते रहते हैं। इनके घरों से बेईमानी का करोड़ो रुपए निकल रहा है। श्री चौहान ने कहा कि, इनके घरों से जो पैसा निकल रहा है, ये हेमंत सोरेन, सोनिया गांधी और राहुल गांधी का पैसा नहीं है। ये पैसा जनता की गाढ़ी कमाई और तुम्हारे बच्चों का पैसा है।

केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि, जेएमएम सरकार में पूरे प्रदेश में लूट मची है, मंत्रियों के यहां से, कांग्रेस के सांसदों के यहां से साढ़े तीन सौ करोड़ रुपए बरामद हो रहे हैं, नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। ये पूरे झारखंड को बेचकर खा गए हैं, ये रेत, बालू, पत्थर, गिट्टी, कोयला सब खाने वाले लोग हैं, लेकिन इस चुनाव में भ्रष्टाचार की लंका को जलाकर राख करना है और झारखंड से जेएमएम की सरकार को उखाड़ फैंकना है। झारखंड का चुनाव सत्ता के लिए नहीं है बल्कि झारखंड को बचाने का चुनाव है, माँ-बहन और बेटी के सम्मान को बचाने का चुनाव है, नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को सबक सिखाने का चुनाव है। इसलिए 13 और 20 नवंबर को कमल के फूल की बटन को दबाना है और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाना है। आप भाजपा को रिकॉर्ड मतों से जिताएं और हम झारखंड की तस्वीर और जनता की तकदीर बदलने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *