महापर्व छठ की तैयारी पूरे जोर पर

INN/Patna, @Infodeaofficial

आस्था के महापर्व छठ की तैयारी पूरे राज्य में जोर-शोर से चल रही है। इस बार बिहार में भयंकर बाढ़ के कारण कई छठ घाट खराब हो गए है। ऐसे में, सरकार इन घाटों के मरम्मत का काम तेजी से कर रही है। इसके साथ ही, स्वच्छता और सुरक्षा के पूरे इंतजाम किये जा रहे हैं।

बिहार में आस्था के महापर्व छठ में केवल 12 दिनों का वक्त बचा है। ऐसे में पूरे राज्य में इसकी तैयारी शुरू हो गयी है. इस साल भयंकर बाढ़ के कारण, कई छठ घाट पूरी तरह से बरबाद हो गए हैं। अधिकांश घाटों पर वाटर लेवल अधिक है और पक्के घाटों को छोड़कर लगभग सभी कच्चे घाटों पर दलदल की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, जिला प्रशासन के जरिए युद्ध स्तर पर घाटों को ठीक करने का काम किया जा रहा है। केवल राजधानी पटना में 500 से ज्यादा घाट हैं, जहां छठ पूजा होनी है. ऐसे में इनपर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं।

छठ व्रतियों को पूजा के दौरान कोई असुविधा ना हो इसके लिए प्रदेश भर के नगर निकायों को विभाग की ओर से 25 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई। इस राशि की मदद से सभी घाटों पर बैरिकेडिंग, शौचालय, चेंजिंग रूम, स्ट्रीट लाइट, वॉच टॉवर समेत छठ व्रतियों के लिए अन्य सुविधाओं वाले काम किए जाएंगे।

इस वर्ष छठ पूजा को लेकर पटना समेत सभी नगर निकाय को राशि आवंटित की गई है. पटना नगर निगम को 12 करोड़ और अन्य 18 नगर निगम को कुल एक करोड़ 80 लाख की राशि की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा हर नगर परिषद को 4 लाख, हर नगर पंचायत को तीन लाख की राशि की दी गई है। वहीं, औरंगाबाद की विश्व प्रसिद्ध देव सुर्य मंदिर में पूजा के लिए 10 लाख की राशि स्वीकृत की गई है।

पूरे राज्य में छठ पर किसी तरह की कोई कमी नहीं रह जाए इसकी पूरी तैयारी की जा रही है। बिजली विभाग ने भी महापर्व को लेकर विशेष तैयारी की है। इसके अलावा, अस्पताल में कुछ बेड को पहले रिजर्व रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *