मुख्यमंत्री की पत्नी के चुनावी मैदान में रहने से गांडेय बना हॉट सीट
गांडेय में झामुमो और भाजपा में सीधा मुकाबला
गांडेय की भौगोलिक स्थित क्षेत्र को बनाता है खास
INN/Ranchi, @infodeaofficial
झारखंड का गांडेय विधानसभा क्षेत्र भी हॉट सीट है। यहां से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन मैदान में है जिनका सीधा मुकाबला भाजपा की मुनिया देवी से हैं। आइए देखते हैं भौगोलिक दृष्टि से गिरिडीह जिले के इस खास चुनावी रणक्षेत्र से हमारी ग्राउंट रिपोर्ट
झारखंड में वैसे तो सभी 81 विधानसभा सीटों पर चुनावी रण सभी राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण है लेकिन झामुमो के लिए गांडेय की सीट साख और प्रतिष्ठा से जुड़ा है। पिछले वार उपचुनाव में जीतने वाली सीएम की पत्नी कल्पना सोरेन एक बार फिर यहां से तीर चला रही हैं जबकि भाजपा ने मुनिया देवी को कमल खिलाने का जिम्मा सौपा है।
गांडेय से विधानसभा का टिकट कटाने के लिए 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी शामिल है। पिछले दिनों राजनीति के मैदान में पदार्पण करते हुए उपचुनाव में विधायक बनने का स्वाद चखने के बाद कल्पना सोरेन एक बार फिर मतदाताओं के बीच है।
मुस्लिम और आदिवासी वाहुल्य इस विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की मुनिया देवी भी चुनौती पेश कर रही हैं। गांडेय के चुनावी रणक्षेत्र के इतिहास पर नजर डालें तो यहां से झामुमो ने सबसे ज्यादा 5 वार जीत दर्ज की है जबकि भाजपा को भी तीन बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। दो बार जिला परिषद की अध्यक्ष रहीं मुनिया देवी अब राज्य की सर्वोच्च पंचायत विधानसभा में गांडेय की आवाज बनना चाहती हैं। गांडेय में जन मुद्दों की भरमार है। लोगों को उम्मीद है कि जनादेश से जनसमस्याओं का समाधान होगा। लेकिन अब तक क्षेत्र की उपेक्षा से लोग खुद को ठगा महसूस भी कर रहे है।
गांडेय में भीतरी बनाम बाहरी का मुद्दा छाया हुआ है जो 23 नवंबर को आने वाले चुनावी नतीजों में भी दिख सकता है। गिरिडीह मुख्यालय आने का रास्ता गांडेय से ही निकलता है। ऐसे में झामुमो को यह उम्मीद है कि यही गांडेय उन्हें सत्ता शीर्ष तक पहुंचाने में मददगार बनेगा। वहीं भाजपा यहां अपना पताका लहराकर झामुमो पर मनोवैज्ञानिक जीत हासिल करना चाहेगी।