भारत प्राचीन काल से ही कला की भूमि रही है: संजय जाजू
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय सचिव संजय जाजू का छत्रपति संभाजीनगर में अजंता वेरुल अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का दौरा

आईएनएन/मुंबई, @Infodeaofficial
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने भारत की सांस्कृतिक परंपरा की सराहना करते हुए कहा, भारत प्राचीन काल से ही कला की भूमि रही है। देश के कलाकारों ने नाटक, नृत्य, संगीत जैसे विभिन्न माध्यमों से वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भारतीय सिनेमा इसी परंपरा का अहम हिस्सा है। उन्होंने आज महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में चल रहे अजंता वेरुल अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का दौरा किया।
इस मौक़े पर संजय जाजू ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर जैसा ऐतिहासिक शहर लोगों की भागीदारी से स्वतःस्फूर्त रूप से अंतरराष्ट्रीय स्तर का फिल्म महोत्सव आयोजित करता है, जो बहुत खुशी की बात है। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारतीय सिनेमा को सॉफ्ट पावर बताने वाले बयान का जिक्र किया और कहा, भारतीय सिनेमा हमारे देश की ‘सॉफ्ट पावर’ है. इससे हमारी कला और संस्कृति दुनिया भर में पहुंच रही है और सिनेमा उद्योग के माध्यम से हमारी रचनात्मक अर्थव्यवस्था भी बढ़ रही है।
फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर द्वारा मास्टर क्लास का संचालन
इस महोत्सव का आज का मुख्य आकर्षण निर्देशक आशुतोष गोवारिकर का मास्टरक्लास था। भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के जूरी सदस्य रह चुके गोवारिकर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि छत्रपति संभाजीनगर में महोत्सव का आयोजन होना एक बड़ी उपलब्धि है। इससे सिने-साक्षरता बढ़ेगी और यहां के कलाकारों को मंच मिलेगा। उन्होंने सैफ अली खान पर हुए हमले का जिक्र करते हुए अफसोस जताया औरकहा कि ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन और पुलिस इसकी गहनता से जांच जरूर करेगी। उन्होंने कहा, मेरी संवेदनाएं सैफ अली खान के साथ हैं।
महोत्सव में आयोजित विभिन्न सत्र, विशेष रूप से मास्टरक्लास और सेमिनार, सिनेमा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाते हैं। इस पहल के कारण, छत्रपति संभाजीनगर वासियों को स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा के लिए एक बेहतरीन प्लेटफार्म उपलब्ध हुआ है।

