अब 24 घंटे शिकायत सुनेगा निगम
सोशल मीडिया से शिकायतें दूर करेगा ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन

विष्णु शर्मा, आईआईएन/चेन्नई, @svs037
महानगर नगर निगम भी सोशल साइट ट्विटर और फेसबुक और अन्य प्लेटफार्म पर अकाउंट खोलने जा रहा है। इसके जरिए चेन्नईवासियों की समस्याओं की सुनवाई के साथ ही उनका निपटारा भी जल्दी हो सकेगा। ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन बड़े पैमाने पर सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निपटारा करने की तैयारी कर रहा है।
यह जानकारी महानगर निगम के अधिकारियों ने दी। अधिकारियों के अनुसार अब २४ घंटे शिकायतें सुनी जाएगी और उनका समाधान किया जाएगा। इसके लिए डिजीटल मार्केटिंग प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है।
डिजीटल मार्केटिंग प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद आमजन निगम की प्रत्येक गतिविधि और बैठकों की जानकारी प्राप्त करने के साथ साथ अपनी शिकायत कर सकता है।
सोशल मीडिया पर की गई शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि साथ ही सोशल मीडिया पर अपनी स्कीम और योजनाओं के बारे में जानकारी लेंगे।
एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय निकाय का डिजीटल मार्केटिंग प्रोजेक्ट प्राइवेट कॉन्ट्रेक्टर को दिया जाएगा जो सोशल मीडिया अकाउंट्स हैंडल करेंगे। प्राइवेट कॉन्टे्रक्टर का काम ट्विटर और फेसबुक अकाउंट खोलने के साथ साथ अन्य प्लेटफार्म पर लोगों से जुड़े रहना है।
उन्होंने बताया कि समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम ट्विटर और फेसबुक पर अकाउंट खोलने जा रहा है। इस पर शिकायत करने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
आजकल सोशल मीडिया का जमाना है, इन सोशल नेटवर्किंग साइटों पर आई शिकायतों को जल्द निपटाया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया के लिए रिपन बिल्डिंग परिसर में अलग से सेक्शन स्थापित किया जाएगा।

