31 अक्टूबर से शुरु होगा भारत-फ्रांस की सेना का संयुक्त युद्धाभ्यास ‘शक्ति-2019

संजय जोशी, आईआईएन/जयपुर, @Infodeaofficial
भारत और फ्रांस की सेना एक बार फिर एशिया की सबसे बड़ी महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के विदेशी प्रशिक्षण नोड में 31 अक्टूबर से 13 नवम्बर तक संयुक्त युद्धाभ्यास ‘शक्ति-2019’ करेगी।
इसके लिए फ्रांसीसी सेना की एक टुकड़ी 26 अक्टूबर, शनिवार को यहां पहुंच जाएगी। रक्षा प्रवक्ता कर्नल सम्बित घोष ने बताया कि भारत और फ्रांस के बीच एक्सरसाईज शक्ति की शुरुआत आज से आठ वर्ष पूर्व 2011 में हुई थी।
यह एक द्विवार्षिक एक्सरसाइज है और इसे भारत और फ्रांस में बारी-बारी से आयोजित किया जाता रहा है। सप्त शक्ति कमान की सिख रेजिमेंट की एक टुकड़ी इस एक्सरसाइज में भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व करेगी। फ्रांसीसी सेना का प्रतिनिधित्व फ्रांसीसी सेना के 6 वें बख्तरबंद ब्रिगेड की 21 वीं समुद्री इंफेंट्री रेजिमेंट के सैनिकों द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह एक्सरसाइज संयुक्त राष्ट्र के दिशा-निर्देशानुसार रेगिस्तानी इलाके में काउंटर टेररिज्म ऑपरेशन पर केंद्रित होगी। यह एक्सरसाइज, मुख्य रुप से उच्च स्तर की शारीरिक क्षमता, सामरिक स्तर पर अभ्यास को साझा करने और एक-दूसरे के हूनर को सीखने पर केंद्रित होगी।
इसका उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच समझ, सहयोग और अंतरसंक्रियता को बढ़ाना है। युद्धाभ्यास शक्ति-2019 का समापन 36 घण्टे लम्बी एक्सरसाइज के साथ होगा जिसमें एक गांव में छिपे आतंकवादियों को ढूंढ़ कर मार गिराया जाएगा।

