प्रधानमंत्री ने श्री अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया

आईआईएन/नई दिल्ली, @Infodeaofficial 

धानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व वित्त मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, “अरुण जेटली जी असाधारण राजनीतिज्ञ, बुद्धिजीवी और कानून के जानकार थे।

वह स्पष्टवादी नेता थे जिन्होंने भारत को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जाना बेहद दुखद है। मैंने उनकी पत्नी संगीता जी और पुत्र रोहन से बात की है, और अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। ओम शान्ति।

जीवन से भरपूर, हाजिरजवाब, विनोदी स्वभाव के और प्रतिभावान, अरुण जेटली जी को समाज के हर वर्ग के लोग चाहते थे। वह बहुमुखी प्रतिभा के धनी, भारत के संविधान, इतिहास, शासकीय नीति, शासन और प्रशासन के बारे में गहरी जानकारी रखते थे।

अपने लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान, अरुण जेटली जी ने अनेक मंत्रालयों में जिम्मेदारियां संभाली, जिससे वह भारत के आर्थिक विकास, हमारी रक्षा क्षमताओं को मजबूत बनाने, लोगों के अनुकूल कानून बनाने और अन्य देशों के साथ व्यापार बढ़ाने की दिशा में योगदान देने में सक्षम हुए।

भाजपा और अरुण जेटली जी का अटूट बंधन था। जोशीले छात्रनेता के रूप में, आपातकाल के दौरान वह लोकतंत्र की रक्षा में अग्रणी रहे। वह हमारी पार्टी के चहेते थे, जो पार्टी के कार्यक्रमों और विचारधारा की समाज में विस्तृत पहुंच बना सकते थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अरुण जेटली के निधन से मैंने एक बहुमूल्य मित्र खो दिया है मुझे उन्हें कई दशकों से जानने का गौरव प्राप्त था। मुद्दों पर उनकी अंतरदृष्टि और उनकी बारीक समझ की तुलना नहीं की जा सकती। उन्होंने सम्मानित जीवन जिया, वह हमारे साथ अनेक अच्छी स्मृतियां छोड़ गए हैं। उनकी कमी हमेशा खलेगी।”     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *