पद नहीं मिलने पर आलोचना करना अनुचित : जयकुमार

आईआईएन/चेन्नई, @Infodeaofficial
एआईएडीएमके में उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम के समर्थक रहे नेताओं की अनदेखी तथा किनारे किए जाने की कड़ी में पूर्व राज्यसभा सांसद वी. मैत्रेयन भी शामिल हैं। मैत्रेयन हाल में सेवानिवृत्त हुए। उनको दोबारा मौका नहीं दिया गया। इसे वे सार्वजनिक मंच पर उठाने लगे हैं। मछली पालन मंत्री डी. जयकुमार ने शनिवार को प्रतिक्रिया दी कि पद नहीं मिलने पर पार्टी अथवा किसी की भी आलोचना करना ठीक नहीं है।
सचिवालय परिसर में जयकुमार जीएसटी परिषद की ३६वीं बैठक में वीडियो कांफें्रसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक के बाद वे पत्रकारों से मुखातिब हुए।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक और बैटरी संचालित कारों पर ५ प्रतिशत जीएसटी कम करने की मांग की गई है। इसके अलावा ६१ वस्तुओं पर कर घटाने व कर मुक्त करने की पेशकश रखी है।
बारहवीं की अंग्रेजी की पुस्तक में तमिल भाषा की मौजूदगी को कम आंककर दिखाने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। तमिल आदिकालीन भाषा है।
पत्रकारों ने उनसे मैत्रेयन की नाराजगी और बयानबाजी पर प्रश्न किया तो वे बोले कि पद नहीं मिलने की वजह से किसी को भी पार्टी की आलोचना नहीं करनी चाहिए। उनको भी एक बार सीट नहीं दी गई थी तो क्या वे रोए? उनके समर्पण को देखते हुए जयललिता ने फिर से अवसर दिया। राजनीति में उतार-चढ़ाव सहज है।
मैत्रेयन ने उनको फिर से सांसद के लिए नामित नहीं किए जाने पर निराशा जताई थी।

