सीएम ने कहा तमिलनाडु निवेश के लिहाज से श्रेष्ठ राज्य

विष्णु शर्मा, आईआईएन/चेन्नई, @svs037
मुख्यमंत्री एडपाड़ी के. पलनीस्वामी ने गुरुवार को इंग्लैण्ड में कहा कि उनकी सरकार ब्रिटेन के साथ रिश्ते मजबूत करना चाहती है तथा भारत में तमिलनाडु निवेश की दृष्टि से सर्वश्रेष्ठ राज्य है।
वे पार्लियामेंट परिसर में पोर्टिकुलिस हाउस को संबोधित कर रहे थे जिसमें इंडो ब्रिटिश आल पार्टी पार्लियामेंट्री ग्रुप के चेयरमैन वीरेंद्र शर्मा और अन्य पदाधिकारी व सांसद उपस्थित थे।
पलनीस्वामी ने कहा उनकी सरकार यूके के साथ काम करना चाहती है ताकि हरित ऊर्जा, जल, शहरी अवसंरचना और रियायती आवास परियोजनाओं का विस्तार किया जा सके।
सीएम ने कहा तमिलनाडु में औद्योगिक बुनियाद गहरी है और भारत में निवेश के लिए सबसे अनुकूल राज्य है। तमिलनाडु में 18 प्रतिशत देश के उच्चतर अधिगम संस्थान हैं और जीवन स्तर भी ऊंचा है।
उन्होंने कहा कि फ्रॉस्ट एंड सुलिवैन ने 2019 में भारतीय राज्यों की वरीयता सूची जारी की थी जिसमें सभी पैमानों पर तमिलनाडु को दूसरा स्थान तथा निवेश की संभावनाओं की दृष्टि से प्रथम स्थान मिला था।
मुख्यमंत्री ने संबोधन में सरकार द्वारा किए जा रहे उपाय गिनाए कि किस तरह तमिलनाडु को अगले स्तर पर ले जाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने वैकल्पिक निवेश कोष स्थापित किया है जिससे वैश्विक निवेशकों को मदद मिलेगी।

