देश के कुल एफडीआइ का 5.1 प्रतिशत तमिलनाडु में : ओपीएस

आईआईएन/चेन्नई, @Infodeaofficial
उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम का कहना है कि तमिलनाडु हमेशा निवेशकों की रडार पर रहा है। वर्ष 2018-19 में राज्य में 2.61 बिलियन डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआइ) हुआ है। तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था है जो वियतनाम, बेल्जियम, स्वीडन, नॉर्वे, फिनलैंड, डेनमार्क और न्यूजीलैंड से ज्यादा है।
वे शनिवार को फिक्की के रीयल एस्टेट सम्मेलन व अवार्ड समारोह को संबोधित कर रहे थे। ओपीएस ने कहा कि पिछले साल देश में हुए कुल एफडीआइ का 5.1 प्रतिशत तमिलनाडु में हुआ।
उन्होंने कहा कि तेजी से हुए शहरीकरण से आर्थिक क्रियाओं की विविधता बढ़ी है। लोगों की आय बढ़ी है तो इस वजह से चुनौतियां भी पैदा हुई है। शहरीकरण से आवासीय जरूरतें बढ़ी हैं और साथ ही निवेश के अवसर भी बढ़े हैं। तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था में आवास और रीयल एस्टेट क्षेत्र का 30 प्रतिशत योगदान है।
इस अवसर पर आवासन व शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव राजेश लखानी, फिक्की चेयरमैन वी. कविता दत्त, उनके सलाहकार पी. मुरारी, क्रेडाई के अध्यक्ष डब्ल्यू. एस. हबीब व उद्योग जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित थी।

