सीबी-सीआइडी जांच सही दिशा में : हाईकोर्ट
मुकिलन लापता मामला

आईएनएन/चेन्नई, @Infodeaofficial
मद्रास उच्च न्यायालय का कहना है कि अधिकार कार्यकर्ता मुकिलन के लापता होने के मामले की जांच सीबी-सीआइडी सही दिशा में कर रही है।
हाईकोर्ट में मानवाधिकार कार्यकर्ता व अधिवक्ता हेनरी डीपेन ने बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की कि 22 मई 2018 को तुत्तुकुड़ी स्टरलाइट प्लांट के विरोध में हुए प्रदर्शन में पुलिस फायरिंग से तेरह जनों की मौत हो गई।
इस फायरिंग के लिए जिम्मेदार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का एक वीडियो मुकिलन ने 15 फरवरी 2019 को चेन्नई मीडिया के समक्ष जारी किया था। उसी रात वे चेन्नई से नागरकोईल जाने वाली टे्रन में मदुरै के जाने के लिए सवार हुए लेकिन अगली सुबह वे वहां नहीं पहुंचे।
पुलिस थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई लेकिन कुछ नहीं किया गया लिहाजा रहस्यमयी तरीके से गायब हुए मुकिलन को कोर्ट में पेश किया जाए। गौरतलब है कि इस मामले की जांच सीबी-सीआइडी कर रही है।
इस याचिका पर गुरुवार को फिर सुनवाई हुई। सीबी-सीआइडी ने तीसरी सीलबंद रिपोर्ट कोर्ट में पेश की। जज ने रिपोर्ट पढऩे के बाद कहा कि जांच सही दिशा में चल रही है। न्यायालय ने कहा सीबी-सीआइडी उनको खोजने का भरसक प्रयास कर रही है। याचिका पर अगली सुनवाई आठ सप्ताह के बाद होगी।

