देशवासियों को संदेश देना उद्देश्य : डीआईजी यशवंतसिंह
500 साइकिल सवारों की रैली 23 को आएगी बीकानेर

संजय जोशी, आईआईएन/बीकानेर, @Infodeaofficial
बीकानेर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुजरात के पोरबंदर से दिल्ली के राजघाट तक आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के पांच सौ साइकिल सवारों की रैली का आगमन बीकानेर में 23 सितंबर को होगा। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के प्रवक्ता सोनूराज आसुदानी ने बताया कि इस सम्बन्ध में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) बीकानेर डीआईजी यशवंत सिंह ने पत्रकारों से कहा कि स्वच्छता, अहिंसा और नशा मुक्ति को लेकर देशवासियों को संदेश देने के उद्देश्य से यह रैली आयोजित की गई है।
उन्होंने बताया कि रैली में केंद्रीय सुरक्षा बलों के 500 जवान और अधिकारी 22 दिनों में 22 शहर और सैकड़ों गांवों से गुजरते हुए 1700 किलोमीटर की यात्रा कर 2 अक्टूबर को राजघाट पहुंचेंगे। डीआईजी सिंह ने यह भी बताया कि साइकिल यात्रा का बीकानेर में पहला पड़ाव कोलायत में रहेगा।
इसके बाद 23 सितंबर को अपराह्न 11:30 बजे नाल गांव के पास स्वागत किया जाएगा। रैली चुंगी नाका, नगर निगम, जूनागढ़, कलेक्टर दफ्तर, पंचशती सर्किल, चलाना अस्पताल से राष्ट्रीय सहायक स्कूल होते हुए सीमा सुरक्षा बल परिसर में प्रवेश करेगी। यहां यात्रा में शरीक साइकल सवारों के सम्मान में समारोह का आयोजन 24 सितंबर को होगा।
उन्होंने बताया कि इसी दिन बीकानेर में विश्राम के बाद 25 सितंबर को सुबह सीमा प्रहरी श्रीडूंगरगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे। व्यापार मंडल के प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य मक्खन लाल अग्रवाल ने बताया कि सामाजिक सरोकार के तहत व्यापार मंडल ने थका देने वाली लंबी यात्रा कर बीकानेर पधार रहे सरहद के सिपाहियों का भव्य स्वागत और सम्मान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले सीमा प्रहरियों के हौसला अफजाई करने के लिए मरूभूमि के लोग पलक पावड़े बिछाए बैठे हैं।
संवाददाता सम्मेलन में मंडल के संरक्षक कन्हैयालाल बोथरा, अध्यक्ष रघुराज सिंह राठौड़, उपाध्यक्ष हेतराम गौड़, विनोद भोजक, रोहित कच्छावा, वेदप्रकाश अग्रवाल, ईश्वरचंद बोथरा, सोनूराज आसुदानी, शिवचरण शर्मा, सुशील शर्मा, कपिल राजवंशी, राजेश गोयल, मुक्ता तेलंग, रतनलाल सोमानी तथा अन्य सदस्य मौजूद थे। इस अवसर पर प्रचार-प्रसार के लिए फ्लेक्स को जारी किया गया।

