रक्षा संवाददाता पाठ्यक्रम 2019 का सामुद्रिक चरण मुंबई में सम्पन्न

आईआईएन/नई दिल्ली, @Infodeaofficial
रक्षा संवाददाता पाठ्यक्रम के 2019 संस्करण के समुद्री और तट रक्षक चरण मुंबई में 31 अगस्त 2019 को सम्पन्न हुआ। पाठ्यक्रम का संचालन पश्चिमी नौसेना कमान, मुंबई और संयोजन समुद्रीय युद्ध केंद्र, मुंबई ने किया। इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य नौसेना की कार्यप्रणाली और उसके महत्व के बारे में पत्रकारों को अवगत करना और ऐसे पत्रकारों का समूह बनाना है जो सशस्त्र बलों को समझता हो।
रक्षा संवाददाता पाठ्यक्रम के नौसेना और तटरक्षक चरण की शुरूआत 26 अगस्त को हुई जिसके पहले तीन दिन प्रतिभागियों को नौसेना, तटरक्षक और समुद्री व्यवस्था के संगठन, भूमिका और जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
प्रतिभागियों को समुद्रीय पोतगाह मुंबई ले जाया गया और उन्हें पोतगाह के बारे में जानकारी दी गयी। उन्हें नौसेना की पनडुब्बियों और युद्धपोतों के बारे में बताया गया और तटरक्षकों के बारे में भी जानकारी दी गयी।
प्रतिभागियों को संयुक्त संचालन केंद्र ले जाकर तटीय सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियां और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गयी। कुछ प्रतिभागियों को समुद्र में चल रहे नौसैनिक गतिविधियों में शामिल होने का भी मौका दिया गया।
रक्षा संवाददाता पाठ्यक्रम के नौसेना और तटरक्षक चरण का समापन एक विदाई समारोह के साथ हुआ जिसमें प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों ने इस चरण को सफल बताया। इसके बाद प्रतिभागी वायुसेना के साथ पाठ्यक्रम का अगला चरण पूरा करने के लिए चंडीगढ़ गए।

