केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज चेन्नई के दौरे पर

विष्णु शर्मा, आईआईएन/चेन्नई, @Svs037

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चेन्नई आएंगे। वे यहां कलैवानर अरंगम में आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू के इस पद पर दो साल के कार्यों को चित्रित करने वाली पुस्तक का विमोचन करेंगे। उनके दौरे के मद्देनजर पांच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

गृह मंत्री बनने के बाद अमित शाह का तमिलनाडु का यह पहला दौरा होगा। सुबह 10 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए एयरपोर्ट से कलैवानर अरंगम तक सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर सुबह से पांच स्तरीय सुरक्षा होगी।

इसके अलावा स्थानीय पुलिस, विशेष बल और रिजर्व पुलिस अधिकारियों समेत करीब 500 पुलिसकर्मियों को हवाईअड्डे से कार्यक्रम स्थल तक तैनात किया गया है। कार्यक्रम में राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित, मुख्यमंत्री एडपाडी के. पलनीस्वामी और उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम भी शामिल होंगे।

इस पुस्तक में नायडू के बतौर उपराष्ट्रपति देश के सभी राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में किए गए दौरों व 330 कार्यक्रमों में की गई शिरकत के अंश शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति पर आधारित इस किताब का शीर्षक ‘लिसनिंग, लर्निंग एंड लीडिंग’ है।

विमोचन समारोह में सूचना व प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर भी होंगे। पुस्तक में नायडू के 2 साल में दिए गए 61 दीक्षांत भाषण, 35 मौकों पर विद्यार्थियों से संवाद, 97 वैज्ञानिक एवं तकनीकी शोध संस्थानों का दौरा और 25 विशेष अभिभाषण का उल्लेख है। इसके अलावा उनके विदेश दौरे और राजनयिक कार्यक्रमों का विवरण भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *