न गाजा, न बाजा, न घराती न बाराती कोरोना के चलते घर पर ही हुई शादी

सतीश कुमार श्रीवास्तव, INN/Chennai, @Infodeaofficial 

स्टार विजय चैनल के चर्चित धारावाहिक कना कानुम कालंगल कल्लूरी में स्टेला की भूमिका निभाने वाली मशहूर अदाकारा कोट्टूरपुरम निवासी ऋषिका उर्फ स्वाती शुक्रवार को परिणय बंधन में बंध गईं।

बिहार प्रांत के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर की मूल निवासी ऋषिका ने अपना हमसफर हिमाचल प्रदेश के रहने वाले मुकेश को चुना।

हालांकि कोविड-19 के चलते यह वैवाहिक समारोह बिना गाजे-बाजे के शांतिपूर्ण तरीके से घर पर ही आयोजित किया गया। शादी के दौरान सरकारी नियमों एवं सोशल डिस्टेन्सिंग का भी विशेष ध्यान रखा गया।

कोविड-19 ने फेरा तैयारी पर पानी

अपनी शादी के बारे में बताते हुए ऋषिका ने कहा कि वैसे तो इसके लिए होटल की बुकिंग से लेकर अन्य सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई थीं लेकिन कोरोना के चलते हर तैयारी धरी की धरी रह गई।

दरअसल कोविड-19 के चलते शादी में मम्मी-पापा के अलावा कोई भी सगा-संबंधी घराती के तौर पर शामिल नहीं हो सका। यहाँ तक की मेरा इकलौता भाई ऋषभ भी मेरी शादी में शरीक नहीं हो सका।

वर पक्ष की तरफ से भी दूल्हे के रूप में केवल मुकेश ही मौज़ूद थे। लेकिन इन सब के बावज़ूद बिना बैंड-बाजे और घराती-बराती के हुई यह शादी मेरे लिए किसी यादगार से कम नहीं है।

पिता ने निभाई समझदार नागरिक की ज़िम्मेदारी

बेटे के शादी में शामिल नहीं हो पाने के बारे में पूछे जाने पर ऋषिका के पिता एवं केंद्रीय विद्यालय, सीएलआरआई, चेन्नई के हिंदी शिक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि उनका बेटा ऋषभ दिल्ली में रहता है जहाँ कोरोना जैसी जानलेवा बीमारी का संक्रमण अपने चरम पर है।

ऐसे में अपनी खुशी के लिए उनका चेन्नई आना आस-पास के लोगों के लिए चिंता का कारण बन सकता था। पारिवारिक दायित्व के साथ-साथ अपने सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्व को निभाते हुए मेरे बेटे ऋषभ ने चेन्नई आकर अपनी बहन के शादी समारोह में शामिल नहीं होने का कठोर किंतु उचित निर्णय लिया।

उन्होंने बताया कि शादी समारोह के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव का पूरा ख्याल रखा गया। शांतिमय ढंग से आयोजित इस कार्यक्रम में सेनेटाइजिंग एवं मास्क से लेकर सोशल डिस्टेंसिंग तक का विशेष इंतजाम था। वैवाहिक समारोह में अत्यंत सीमित संख्या में शामिल होने वाले मेहमानों को पारंपरिक उपहार के साथ मास्क, ग्लब्ज़ एवं एक-एक सेनेटाइज़र की बोतल भी भेंट की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *