लॉकडाउन में फँसे लोगों के लिए ट्रेनों का परिचालन शुरू

सुष्मिता कुमारी, आईआईएन/चेन्नई, @SushmitaSamyak
भारतीय रेल एक बार फिर से अपनी सेवा देने के लिए तैयार है। लॉकडाउन के कारण रेल सेवा पूरी तरह से ठप कर दी गयी थी। ट्रेनों का परिचालन कुछ दिनों पहले अन्य राज्यों में फँसे प्रवासी मजदूरों और विद्यार्थियों के लिए शुरू किया गया।
अब मंगलवार से नई दिल्ली से 15 ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा। ये ट्रेनें नई दिल्ली से जम्मू तवी, अहमदाबाद, मुंबई सेंट्रल, मडगांव, बेंगलुरू, चेन्नई, तिरुवनंतपुरम, सिकंदराबाद, बिलासपुर, रांची, भुवनेश्वर, पटना, हावड़ा, अगरतल्ला और डिब्रूगढ़ को जायेंगी। इनमें वापसी यात्रा भी शामिल होंगे।
सोमवार शाम 4 बजे से इन सभी ट्रेनों के लिए बुकिंग शुरू हो गयी है। इन ट्रेनों में केवल एसी बोगी होंगे और इनका किराया राजधानी ट्रेनों के जैसा होगा। लॉकडाउन के कारण कई ऐसे लोग भी फँसे हैं जो अपने रिश्तेदारों के साथ अपना इलाज़ करवाने आये थे। अचानक हुई लॉकडाउन की वजह से अपने-अपने घर नहीं जा पाए।
ऐसी ही स्थिति तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित सीएमसी हॉस्पिटल में भी बन गयी थी। जहाँ देशभर से खासकर के उत्तर भारत से लोग यहाँ अपना या अपने दोस्त रिश्तेदारों का इलाज़ करने के लिए यहाँ आते हैं।

राज्य सरकार ने सबसे पहले इनलोगों को वापस भेजने का फैसला लिया और काटपड़ी से अबतक लगभग 8 ऐसी ट्रेनें चलाई गयीं हैं जिससे यहाँ इलाज़ कराने आये हुए लोगों को उनके घर वापस भेजा जा सके।
साथ ही साथ चेन्नई सेंट्रल से भी कई श्रमिक ट्रेनों का परिचालन किया गया। रविवार की रात 10 बजे श्रमजीवी एक्सप्रेस को रवाना किया गया। सोमवार को रात 9 बजे झारखण्ड के लिए एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन भेजा गया है।
इन श्रमिकों का पहले से ही पंजीकरण करवा दिया गया था उसके बाद इन सभी की स्वास्थ्य जाँच कर इन्हें टिकट भी मुहैया कराया गया है। सरकार के इन तमाम कोशिशों के बावजूद देशभर में कई लोग फँसे हुए हैं और जल्द से जल्द अपने घर को प्रस्थान करना चाहते हैं।
प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कहा की वह राज्य में फसे मजदूरों को उनके प्रदेश जाने के लिए हर संभव प्रयाश कर रहे है।

