मछुआरों की रिहाई के लिए विदेश मंत्री करें हस्तक्षेप
आईयूएमएल के नेता ने लिखा पत्र

आईआईएन/रामेश्वरम, @Infodeaofficial
श्रीलंकाई नौसेना द्वारा रविवार को श्रीलंकाई समुद्री सीमा में मछली पकडऩे के आरोप में गिरफ्तार तमिलनाडु के सात मछुआरों की रिहाई के लिए आईयूएमएल के नेता और रामनाथपुरम सांसद के. नवसकनी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में नवसकनी ने कहा कि नाव में तकनीकी समस्या आने की वजह से मछुआरे श्रीलंकाई समुद्री सीमा की ओर गए, इसके अलावा कोई अन्य कारण नहीं था। लेकिन श्रलंकाई नौसेना ने उनकी सीमा में मछली पकडऩे का आरोप लगाते हुए सातों को गिरफ्तार किया है। ऐसे में सभी मछुआरों की रिहाई के लिए विदेश मंत्री को हस्तक्षेप करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि कथित तौर पर श्रीलंकाई समुद्री सीमा में मछली पकडऩे के आरोप में श्रीलंकाई नौसेना ने रविवार को तमिलनाडु के सात मछुआरों को गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों ने बताया था कि रामेश्वरम जिला निवासी जोसफ पोलराज, बेनिटो, नागराज, इन्नासी, सुब्रमणि, मुनुसामी और सत्यसीलन एक अन्य मछुआरे दुरैसिंगम की नाव से रामेश्वरम बंदरगाह से शनिवार सुबह मछली पकडऩे के लिए समुद्र में उतरे थे। दुरैसिंगम ने बताया कि नाव के इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद श्रीलंकाई नौसेना ने मछुआरों को गिरफ्तार किया।

