डीएमके से ज्यादा एआईएडीएमके शासनकाल में हुआ है राज्य में निवेश: पलनीस्वामी

आईआईएन/चेन्नई, @Infodeaofficial

मुख्यमंत्री एडपाड़ी के. पलनीस्वामी ने गुरुवार को उनकी विदेश यात्रा की आलोचना करने के लिए डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन की सख्ती से निंदा की। कोयम्बत्तूर हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा हर मुद्दे पर राज्य सरकार की निंदा करना स्टालिन की आदत बन गई है।

स्टालिन को सरकार के कामकाज के बारे में कुछ भी पता नहीं है और डीएमके ही एक ऐसी पार्टी है जिसे राज्य की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा एआईएडीएमके सरकार को 2 लाख करोड़ का निवेश मिला था, इनमें से 51 हजार करोड़ रुपए के निवेश से उद्योग स्थापित भी किए जा चुके हैं। इसके उलट डीएमके शासनकाल में सिर्फ 26 हजार करोड़ का ही निवेश मिला था।

विदेश यात्रा पर सवाल उठाने को लेकर स्टालिन पर पलटवार करते हुए पलनीस्वामी ने कहा अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी निवेशकों को आकर्षित करने के लिए दौरा करते हैं। मेरा तीन देशों का दौरा काफी अच्छा रहा और लोगों द्वारा इस पहल की सराहना भी हो रही है।

मुख्यमंत्री उन्होंने कहा अन्य देशों की तरह राज्य में भी हेलिकॉप्टर एंबुलेंस का संचालन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि स्टालिन ने मुख्यमंत्री के विदेश दौरे को फुर्सत का दौरा बताते हुए निवेशकों के बारे में श्वेत-पत्र जारी करने को कहा था। स्टालिन ने कहा था अगर मुख्यमंत्री दो दिन के अंदर निवेशकों और रोजगार के अवसरों के बारे में श्वेत पत्र जारी कर देते हैं तो उनके सम्मान के लिए डीएमके द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *