तीरंदाजी के दिग्गज मंगल सिंह चंपिया, राहुल बनर्जी ने राष्ट्रव्यापी ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का किया नेतृत्व

आईएनएन/नई दिल्ली/कोलकाता, @Infodeaofficial 

प्रसिद्ध भारतीय तीरंदाज मंगल सिंह चंपिया और राहुल बनर्जी ने राष्ट्रव्यापी ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ पहल का नेतृत्व किया, जिसका चौथा सप्ताह चल रहा है। इस पहल का शुभारंभ पिछले महीने केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने किया था।

दो बार एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले चंपिया, 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाली बनर्जी ने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच पूर्णिमा महतो के साथ कोलकाता में भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में साइकिलिंग कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाई। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक साइकिल चालक शामिल हुए।

‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन नई दिल्ली के प्रतिष्ठित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में किया गया। इसमें फिट इंडिया के राजदूत अपूर्व ओम के नेतृत्व में एसएआई के 200 राइडर्स ने हिस्सा लिया। अब तक देश भर में 3000 से अधिक स्थानों पर साइकिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जा चुका है।

इससे पहले, साइकिलिंग इवेंट में भारतीय सेना के जवान, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और लवलीना बोरगोहेन, संग्राम सिंह, शैंकी सिंह, नीतू घनघस और सिमरन शर्मा (पैरा वर्ल्ड चैंपियन) जैसे प्रमुख खेल सितारे भाग ले चुके हैं।

यह अभियान देश भर में वायु प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए पर्यावरण के अनुकूल प्रथाओं को भी बढ़ावा देता है। ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन युवा मामले और खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई) और माई भारत के सहयोग से किया जाता है। कार्यक्रम पूरे देश में एसएआई क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (एनसीओई) और खेलो इंडिया केंद्रों (केआईसी) में एक साथ आयोजित किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *