प्रदर्शनकारी किसानों से अगले दौर की वार्ता 14 फरवरी को : सरकार

आईएनएन/नई दिल्ली, @Infodeaofficial 

सरकार ने मंगलवार को कहा कि पंजाब एवं हरियाणा में प्रदर्शन कर रहे किसानों से छठे दौर की वार्ता 14 फरवरी को की जाएगी। कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में लोकसभा को यह जानकारी दी। पिछले माह हुई वार्ता में सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कुछ फसलों को खरीदने के लिए पांच साल की योजना का प्रस्ताव दिया था किंतु किसानों की व्यापक मांग पर कोई सहमति नहीं बन पायी थी।

ठाकुर ने कहा, ‘‘किसानों के साथ अगले दौर की वार्ता 14 फरवरी, 2025 को प्रस्तावित है।’’ उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे किसानों की मांगें उच्चतम न्यायालय के समक्ष विचाराधीन हैं और सर्वोच्च न्यायालय ने एक समिति का गठन भी कर रखा है।

उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रदर्शन कर रहे किसानों से बातचीत की पहल आठ फरवरी, 2024 को शुरू की थी। बाद में 12,15 एवं 18 फरवरी 2024 तथा 18 जनवरी 2025 को बातचीत के अगले दौर चले। ठाकुर ने कहा कि किसानों द्वारा 13 फरवरी, 2024 को अपना प्रदर्शन फिर शुरू करने के बाद से केंद्र सरकार उनके साथ अभी तक पांच दौर की वार्ता कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *