हमारी सफलता कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता पर निर्भर करती है: डॉ दिलीप जायसवाल
बिहार एनडीए बैठक बेलागंज विधानसभा
INN/Patna, @Infodeaofficial
बिहार के जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र में होने वाले बेलागंज विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए ने आज बड़ी बैठक की. इस बैठक में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के साथ जदयू प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हुए। इस दौरान नेताओं ने जीत के लिए कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया। बिहार के बेलागंज उपचुनाव में जीत के लिए एनडीए ने कमर कस ली है। इसे लेकर आज बेलागंज में बड़ी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ प्रेम कुमार सहित एनडीए घटक दल के जिला स्तरीय लगभग सभी नेता मौजूद थे। इस बैठक में उपचुनाव की तैयारियों का जायजा लिया गया. साथ ही, चुनावी रणनीतियों पर भी चर्चा की गयी।
बीजेपी अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस उपचुनाव में हमारी सफलता कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता पर निर्भर करती है। हर कार्यकर्ता का समर्पण चुनावी सफलता का आधार बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर आपसी तालमेल बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिस सीट से वो लगातार चुनाव जीत रहे हैं, वहां के 75 प्रतिशत मुस्लिम उन्हें वोट देते हैं।
बैठक में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि पूरे बिहार की नजर 13 नवंबर को होने वाले चार विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव पर टिकी हुई है। 2025 में जो बिहार विधानसभा चुनाव होने वाला है, उस चुनाव को इस उप-चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि निष्ठा से काम करने की जरूरत है। हमारे जो लोग हैं वह सभी मजबूत हैं और वह लोग एनडीए प्रत्याशी मनोरमा देवी को जीत सुनिश्चित करने में अपना तन मन धन लगा देंगे।