वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मध्यप्रदेश को “2025 के लिए अनिवार्य वैश्विक गंतव्य” की सूची में किया शामिल

बांधवगढ़, खजुराहो एवं पन्ना का किया उल्लेख

आईएनएन/भोपाल, @Infodeaofficial  

विश्व के प्रमुख मीडिया समूह ‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने “2025 के लिए अनिवार्य वैश्विक गंतव्यों” (गो-टू ग्लोबल डेस्टिनेशन्स फॉर 2025) की सूची जारी की है। इसमें मध्यप्रदेश के बांधवगढ़, खजुराहो और पन्ना को शामिल किया गया है। खजुराहो यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हे तो बांधवगढ़ और पन्ना अपने समृद्ध वन्य जीवन के लिए दुनियाभर में ख्यात है। इसमें खास बात यह हे कि, सूची में देश से सिर्फ मध्यप्रदेश के पर्यटन गंतव्यों को शामिल किया गया है।

पर्यटन और संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव एवं मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि, मध्य प्रदेश सालों से विदेशी पर्यटकों को अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों और अद्वितीय अनुभवों से आकर्षित करता आया है। खजुराहो के भव्य मंदिर, सांची स्तूप और भीमबेटका की गुफाएं जैसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल इतिहास प्रेमियों के लिए प्रमुख आकर्षण हैं।

राष्ट्रीय उद्यानों जैसे कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और सतपुड़ा में बाघों और अन्य दुर्लभ वन्यजीवों का दीदार पर्यावरण प्रेमियों को लुभाता है। नर्मदा और चंबल नदियों पर बोटिंग, जलप्रपातों की यात्रा और साहसिक गतिविधियां रोमांच प्रदान करती हैं। इसके अलावा, समृद्ध लोक कला, जनजातीय संस्कृति और स्थानीय व्यंजन विदेशी पर्यटकों के लिए एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करते हैं। ये सारी विशेषताएं हमें एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन बनाती हैं।

उल्लेखनीय है कि, मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रदेश के पर्यटन गंतव्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर प्रयास एवं नवाचार किए जा रहे हैं। वैश्विक पर्यटन प्रदर्शनियों में सहभागिता करना, ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, ब्लॉगर्स, और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए FAM ट्रिप्स जैसे माध्यमों से राज्य के अद्वितीय अनुभवों को प्रचारित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *