इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में बिहार पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र

बिहार की महिला शिल्पिओं एवं उधमियों के हुनर को मिला बड़ा मंच

INN/New Delhi, @Infodeaofficial

आज इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) में आम जनता के लिए प्रवेश का शुभारंभ होते ही, दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित इस मेले में भारी भीड़ उमड़ी। देशभर से आए कारीगर और हस्तशिल्प उत्पादकों ने अपनी कला और उत्पादों का प्रदर्शन किया। इस बार बिहार पवेलियन ने खास आकर्षण बटोरा, जहां ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।

भोजपुर, आरा की महिला हस्तशिल्प उत्पादक कंपनी लिमिटेड की अध्यक्ष अनीता गुप्ता ने अपने स्टॉल पर गांव की महिलाओं के बनाए हुए अनोखे हस्तशिल्प प्रदर्शित किए। अनीता गुप्ता ने बताया कि उनके गांव की महिलाएं अपने हुनर से न सिर्फ गांव बल्कि देश और विदेशों में भी नाम कमा रही हैं।

सजनी कला और अन्य उत्पादों का प्रदर्शन

अनीता ने बताया कि उन्होंने महिलाओं को हस्तशिल्प का प्रशिक्षण दिया है, जिसमें ज्वेलरी, सजनी (सजावट की कला), पूजा आश्री, वॉल हैंगिंग, तोरण, मूसन, और सुंदर चूड़ियां बनाना सिखाया गया है। खास बात यह है कि कई समुदाय की महिलाएं विशेष रूप से हस्तनिर्मित चूड़ियां बनाती हैं, जो काफी सराही जा रही हैं।

7 देशों में हो रही है बिहार की कला की पहचान

अनीता गुप्ता ने गर्व से बताया कि उनके उत्पाद न केवल भारत में बल्कि 7 अलग-अलग देशों में भी निर्यात किए जाते हैं। उनके द्वारा दिखाए गए सभी उत्पाद जैसे ईयररिंग्स, तोरण, चूड़ियां, फूल, गुड़िया, खिलौने, और सजावटी वस्त्र पूरी तरह से हस्तनिर्मित हैं।

100,000 महिलाओं को किया प्रशिक्षित, 10,000 को मिला रोजगार

अनीता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अब तक 1 लाख महिलाओं को हस्तशिल्प का प्रशिक्षण दिया है और 10,000 महिलाओं को रोजगार से जोड़ा है। उनके इस अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें 2020 में महिला संघ द्वारा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

ग्रामीण महिलाओं को मिला बड़ा मंच

उन्होंने इस मेले की सराहना करते हुए कहा, “इस तरह के मेले से महिलाओं को बड़ा मंच मिलता है। अगर उन्हें यहां से ऑर्डर मिलते हैं, तो उनका हुनर और उनकी मेहनत दोनों को पहचान मिलेगी।” बिहार पवेलियन और महिला हस्तशिल्प उत्पादक कंपनी के स्टॉल पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। अनीता गुप्ता और उनके समूह द्वारा तैयार किए गए उत्पादों ने न केवल खरीददारों को आकर्षित किया, बल्कि उनके जीवन में एक नई उम्मीद और प्रेरणा की किरण भी जगाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *