आयकर विभाग ने बड़े पैमाने पर जब्त की नकदी

आईआईएन/चेन्नई, @Infodeaofficial

लोकसभा चुनाव का पहला चरण करीब आ रहा है। देश में 11 अप्रेल को पहले चरण में 91 सीटों पर मतदान होना है। दूसरे चरण में 18 अप्रेल को राज्य में मतदान होगा। चुनाव आयोग ने अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के साथ ही नकदी और शराब के दुरुपयोग पर कार्रवाई भी तेज कर दी है।

चुनाव आयोग ने आदर्श चुनाव संहिता लागू होने के बाद से 25 मार्च तक की कार्रवाई का ब्योरा दिया है जिसमें सबसे अधिक जब्ती तमिलनाडु में हुई है। चुनाव आयोग के अनुसार सबसे अधिक 107.24 करोड़ जब्त हुए हैं। जो देश के अन्य राज्यों की तुलना में सबसे अधिक है।

उल्लेखनीय है कि यह ब्योरा पिछले महीने की 25 तारीख तक का ही है। मार्च के अंत में आयकर विभाग ने आधी रात को डीएमके के कोषाध्यक्ष दुरैमुरुगन के घर की तलाशी ली थी। इस तलाशी के दौरान 10 लाख की अघोषित राशि जब्त की गई। यह तलाशी कोषाध्यक्ष के वेलूर स्थित मकान से की गई थी।

आयकर विभाग ने एक बार फिर वेलूर के ही एक सीमेंट गोदाम से बोरे और कार्डबोर्ड के बाक्स में भरी हुई बड़ी मात्रा में नकदी जब्त की है। रिपोर्ट के मुताबिक यह राशि 29 मार्च की तलाशी के समय आधी रात को किंगस्टन कॉलेज से गायब कर गोदाम पहुंचाई गई थी। इसके साथ ही अन्य पांच और जगहों पर छापे मारे गए जिनमें दुरैमुरुगन से संबद्ध दो घर भी हैं।

दुरैमुरुगन के एक करीबी के घर भी छापेमारी की गई। आई-टी विभाग के सूत्रों ने बताया कि काटपाडी के नेदुमोत्तुर गांव में श्रीनिवासन के घर से 15 करोड़ रुपए से अधिक नकदी बरामद की गई। आयकर विभाग के अधिकारियों को संदेह है कि 29 मार्च को ही कुछ नकदी रातोंरात दुरैमुरुगन से जुड़े कुछ परिसरों से स्थानांतरित की गई होगी।

इसी प्रकार कल्पुदुर में एक अन्य डीएमके अधिकारी आस्तर अली के घर और कादिर आनंद के स्कूल में भी खोजबीन जारी थी।
आईटी अधिकारियों ने दावा किया कि रुपए के बंडलों को बड़े करीने से चिन्हों के साथ लिफाफे में पैक किया गया था जिससे संकेत मिलता था कि वे विभिन्न वार्डों और प्रभागों में मतदाताओं को वितरित किए जाने के लिए रखे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *