सात साल के बाद हॉकी इंडिया लीग में फिर से वापसी
INN/New Delhi, @Infodeaofficia
सात साल के बाद हॉकी इंडिया लीग की फिर से वापसी होने जा रही है। इस बार लीग नए अवतार में दिखाई देगी। इस बार महिला और पुरुष दोनों वर्गों में लीग की शुरुआत होने जा रही है। लीग के साथ दस फ्रैंचाइज़ी ओनर जुड़े हैं। पुरुष लीग में 8 टीम और महिला लीग में 6 टीम दिखाई देंगी। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि यह लीग भारत में हॉकी के प्रशंसकों की संख्या में और इज़ाफा करेगी।
एफआईएच ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी कैलेंडर में 35 दिन का विंडो हॉकी इंडिया लीग के लिए फ्री रखा है जिससे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी इस लीग का हिस्सा बन सकेंगे। महिला लीग के शुरु होने से महिला हॉकी में भी ज़बर्दस्त बदलाव देखने को मिलेगा।
हॉकी इंडिया लीग के मुकाबले राउरकेला और रांची में आयोजित किए जाएंगे। राउरकेला में पुरुष लीग के और रांची में महिला लीग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी कुछ दिन बाद दिल्ली में आयोजित की जाएगी।