ईपीएफओ ने देश भर में केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली शुरू की

आईआईएन/नई दिल्ली, @Infodeaofficial
रिटायरमेंट फंड संगठन ईपीएफओ ने देश के 68 लाख पेंशनभोगियों के लिए एक नई पहल की शुरुआत कर बड़ी राहत दी है। अब पेंशनभोगी बिना किसी परेशानी के देश के किसी भी कोने में स्थित बैंक की शाखा से अपनी पेंशन के पैसों की निकासी कर सकेंगे।
यह कदम डिजिटल इंडिया और सरल प्रशासन की दिशा में एक बड़ा कदम है। रिटायरमेंट फंड नियामक ईपीएफओ ने देश भर में अपने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में केंद्रीकृत पेंशन भुगतान प्रणाली शुरू कर दी है। जनवरी, 2025 से सीपीपीएस सिस्टम पूरे भारत में पेंशन का वितरण सुनिश्चित करेगी और पेंशनधारकों के किसी अन्य स्थान पर जाने या उनके द्वारा अपना बैंक या शाखा बदलने के बावजूद पेंशन पेमेंट ऑर्डर को एक ऑफिस से दूसरे ऑफिस में ट्रांसफर करने की जरूरत नहीं होगी।
इससे उन पेंशनभोगियों को बड़ी राहत मिलेगी जो सेवानिवृत्ति के बाद अपने गृहनगर चले जाते हैं। मंत्रालय ने बयान में कहा कि सीपीपीएस की पहली पायलट परियोजना पिछले साल अक्टूबर में करनाल, जम्मू और श्रीनगर क्षेत्रीय कार्यालयों में पूरी हो गयी थी।

