चुनाव तक किसानों के नाम पर माहौल बनायेगी कांग्रेस

— किसान व खेतिहर मजूदर के हालात जानने को देशभर के दौरे पर निकलेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नाना पटोले
— तमिल किसानों की समस्याओं लेकर नाना पटोले से मिले संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक लोढ़ा

आईएनएन/नई दिल्ली @Infodeaofficial 

कांग्रेस 2019 लोकसभा चुनाव से पहले एक बार फिर किसान और मजदूरों के नाम पर भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने की तैयारी में है। कांग्रेस ने इसके लिए अपने संगठन किसान खेत मजदूर कांग्रेस को लगाया है। अभी हाल तक भाजपा के खेमे के सिपाहसालार रहे नाना पटोले अब कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में अपने पुराने संगठन के खिलाफ चुनावी मोर्चेबंदी करेंगे। आगामी 25 सितम्बर से पटोले देशव्यापी य़ात्रा करेंगे। 

मजदूर कांग्रेस की ​​तमिलनाडु इकाई के उपाध्यक्ष अशोक लोढ़ा ने कांग्रेस की इस योजना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हाल ही दिल्ली में नाना पटोले से मुलाकात में इस रणनीति पर चर्चा हुई। करीब दो घंटे की मुलाकात में देशभर के किसानों के हालात के बारे में विचार विमर्श किया गया। तमिलनाडु के किसानों और उनकी स्थिति के बारे में राष्ट्रीय अध्यक्ष को जानकारी दी। तमिल किसानों की समस्या सुनने के बाद पटोले ने कहा कि वह जल्द ही अपने दौरे की दिशा तमिलनाडु की तरफ मोड़ेंगे।

पटोले शीघ्र ही राष्ट्रीय व राज्य इकाइयों का पुनर्गठन करेंगे। अलग—अलग राज्यों के लिए टीमें बनाकर किसान व खेतिहर मजदूरों से मिला जाएगा और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली जायेगी। इसके बाद केंद्र व राज्य सरकारों के समक्ष इनकी समस्याओं को रखा जायेगा।

लोढ़ा ने बताया कि तीन माह में कांग्रेस किसान मोर्चा का पुनर्गठन कर लिया जाएगा। पटोले मध्य अक्टूबर व नवम्बर की शुरुआत में तमिलनाडु आ सकते है।

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *