मजबूत अर्थव्यवस्था के लिए देश के अर्थशास्त्रियों का काफी योगदान: राज्यपाल
आईएनएन/चेन्नई, @Infodeaofficial
वीआईटी विश्वविद्यालय में गुरुवार को भारतीय आर्थिक संगठन की ओर से तीन दिवसीय 101वां वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने दीप प्रज्वलन कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। 1991 से भारत में बहुत तेज आर्थिक प्रगति हुई है जब से उदारीकरण और आर्थिक सुधार की नीति लागू की गई।
भारत विश्व की एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में उभर कर आया है। 2017 में भारतीय अर्थव्यवस्था को मानक मूल्यों के आधार पर विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था घोषित किया गया था। अर्थव्यवस्था की मजबूत स्थिति के लिए देश के अर्थशास्त्रियों का बहुत बड़ा योगदान है। भारतीय आर्थिक संगठन कृषि, उपभोक्ता नीति, शिक्षा, पर्यावरण वित्तीय बाजार, राजकोषीय मामले उद्योग जैसे क्षेत्रों पर ध्यान देकर संगठन पदाधिकारीगण अर्थव्यवस्था के विकास के संबंध में सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा सम्मेलन में आर्थिक सम्मेलन अध्यक्ष व विवि कुलपति जी.विश्वनाथन ने बताया कि भारत के सकल घरेलू उत्पाद में सेवा क्षेत्र का योगदान सबसे अधिक है। वर्तमान में भारतीय अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र का 53.66 फीसदी योगदान है।
दूसरे स्थान पर औद्योगिक क्षेत्र का योगदान है जो कि जीडीपी में लगभग 31 फीसदी योगदान देता है। तीसरे स्थान पर भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले कृषि का नंबर आता है,जो कि जीडीपी का करीब 17 फीसदी हिस्सा प्रदान करती है। कृषि और संबद्ध क्षेत्र में वन और मत्स्य पालन भी शामिल है। यह क्षेत्र भारतीय अर्थव्यवस्था के प्राथमिक क्षेत्र के रूप में भी जाना जाता है। भारतीय स्वतंत्रता के समय भारत के सकल घरेलू उत्पाद में इस क्षेत्र का सबसे बड़ा हिस्सा 55 फीसदी था लेकिन साल दर साल इसके योगदान में गिरावट आई और वर्तमान में यह भारतीय जीडीपी में 17 फीसदी योगदान दे रही है।
अभी भी अर्थव्यवस्था के सुधार के लिए कई कार्य करने होंगे। देश के 70 फीसदी विद्यार्थी आज भी उच्च शिक्षा से वंचित हैं। सम्मेलन में राज्यपाल ने आर्थिक सम्मेलन पर एवं ट्रेड लीड आर्थिक ग्रोथ पर पुस्तक का विमोचन किया। कौटिल्य अवार्ड जया समूह के चेयरमैन प्रो. कनगराज को एवं प्रो.ब्रह्मानन्द अकादमिक एक्सीलेन्स अवार्ड डा.सर्वेश कुमार व एचीवमेन्ट अवार्ड भारतीय आर्थिक संगठन के महासचिव डा.अनिल कुमार ठाकुर को प्रदान किया गया। सम्मेलन में देश के करीब 24 राज्यों से 1 हजार से भी ज्यादा प्रतिनिधि शामिल हुए।
सम्मेलन में संगठन अध्यक्ष प्रो.एस.महेन्द्र देव, उपाध्यक्ष चंद्र मोहन, महासचिव डा.अनिल कुमार ठाकुर, विवि उपाध्यक्ष शेखर विश्वनाथन, शंकर विश्वनाथन, कलक्टर रामण, पुलिस अधीक्षक परवेश कुमार उपस्थित थे।